नवाबगंज (फर्रुखाबाद)। ननिहाल में घर के बाहर खेल रहे मासूम की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मासूम पड़ोसी के घर के सामने बालू के ढेर पर औंधे मुंह पड़ा मिला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जनपद इटावा थाना बरेऊ गांव भऊआ सूदे निवासी केशराम तमिलनाडु में पूड़ी की ठेली लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। पत्नी मेनका 20 दिन पहले ढाई वर्ष के पुत्र प्रिंस उर्फ रियांश, बेटी प्रियांशी, दिव्यांशी को लेकर नवाबगंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला गनीपुर मायके आई थी। शनिवार शाम लगभग चार बजे पुत्र प्रिंस दरवाजे पर खेल रहा था। मेनका घर के अंदर काम कर रही थी। कुछ देर बाद बाहर आई तो पुत्र को नहीं पाया।
खोजबीन की तो पड़ोसी वीरेंद्र राठौर के घर के सामने बालू के ढेर पर पुत्र प्रिंस को औंधे मुंह पड़ा पाया। मेनका ने उसकाे उठाया और डॉक्टर के यहां लेकर गई। डॉक्टर ने प्रिंस को मृत घोषित कर दिया। एसओ आमोद सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।