नवाबगंज। थाना क्षेत्र के ग्राम चकरपट्टी निवासी पिंकी जाटव ने अपने ससुराल पक्ष पर मारपीट और सार्वजनिक रूप से अपमानित करने का आरोप लगाया है। रविवार शाम थाने पहुंचकर पीड़िता ने शिकायती प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। महिला ने बताया कि 17 मई को देवर व उसे जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया गया।
पीड़िता ने दी गई तहरीर में बताया कि 17 मई को उसका रिश्ते का देवर घर पर ठंडा पानी लेने आया था। उसकी सास ने उसे कमरे में रखे फ्रिज से पानी लेने के लिए कहा। उस समय पिंकी भी कमरे में मौजूद थी। इसके बाद सास ने कमरे की कुंडी बंद कर दी और ससुर तथा रिश्ते के एक अन्य भाई को बुला लिया। इसके बाद उसके और देवर के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि दोनों को जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया गया। पीड़िता ने बताया कि उसका कोई परिजन नहीं है। उसकी शादी पुलिसकर्मियों ने कराई थी। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि जांच के लिए हल्का प्रभारी सत्यनारायण को मौके पर भेजा गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।