संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। धोखाधड़ी कर जमीन की विरासत चढ़वाने का आरोप लगाकर एसीजेएम कोर्ट में महिला ने कानूनगो व लेखपाल के खिलाफ याचिका दायर की है।
कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव बरिया नगला निवासी गुड़िया ने राजस्व निरीक्षक शैलेंद्र सिंह, लेखपाल अजीत गुप्ता, गांव के निवासी नन्हूराम, रामचंद्र, गोपाल, राजपाल, सतीश, रमेश, हरिशचंद्र के खिलाफ एसीजेएम कोर्ट में याचिका दायर की है। इसमें बताया कि पति राकेश मौसा इतवारी लाल के पास रहते थे। शादी के बाद वह भी मौसा के साथ ही रहने लगी। मौसा इतवारी ने पुत्र कुनाल व देव के नाम पर अपनी संपत्ति की वसीयत 24 अगस्त 2017 को कर दी थी। उसको वसीयत में संरक्षिका बनाया गया।
27 नवंबर 2019 को मौसा इतवारी लाला की मौत हो गई। पति मौसा की जमीन पर फसल करवाते रहे। मौसा के सगे भाई प्रयाग नरायण ने बताया कि वह वसीयत को लेखपाल से बात करके पुत्रों के नाम पर दर्ज करवा देंगे। एक सप्ताह बाद प्रयागराज पति व उसको लेकर तहसील गए। वहां सादे कागज पर अंगूठा लगवा लिया। जुलाई 2023 में प्रयागराज की भी मौत हो गई।
10 अक्तूबर को पति खेत में फसल की बुआई करने गए। वहां प्रयागराज के पुत्र रामचंद्र सहित सभी लोगों ने विरोध कर मारपीट की। रामचंद्र ने विरासत में जमीन उसके व परिजनों के नाम पर दर्ज होने के प्रपत्र दिखाए। तब पता चला कि कानूनगो व लेखपाल से साठ गांठ कर इन लोगों ने जमीन अपने नाम पर चढ़वा ली है। इस मामले में थाने में तहरीर देने के बाद भी सुनवाई नहीं की गई। कोर्ट ने पुलिस से पूरे प्रकरण में आख्या मांगी है।