शहर के मोहल्ला बूरावाली गली में मंगलवार देर शाम गुटखा सेल्समैन ने पड़ोसी को तमंचे से गोली मारने के बाद अपनी पत्नी व बेटी को भी गोली मार दी। इसके बाद उसने खुद के गले में भी गोली मार ली।
चारों घायलों को लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टर ने सेल्समैन को मृत घोषित कर दिया, जबिक तीनों को हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया। इस पर परिजनों ने उन्हें अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया है।
सूचना पर एएसपी मय फोर्स अस्पताल पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली। एएसपी ने बताया कि वारदात की वजह अभी स्पष्ट नहीं है, जांच की जा रही है। हालांकि मोहल्ले में पैसे के लेनदेन और छेड़खानी को लेकर भी चर्चा है।
शहर के मोहल्ला बूरावाली गली निवासी संजीव उर्फ हैप्पी चौरसिया (42) गुटखा का सेल्समैन था। हैप्पी का पड़ोसी इरशाद कारचोब का काम करता है। मंगलवार शाम करीब छह बजे हैप्पी और इरशाद में कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर हैप्पी ने तमंचा से इरशाद पर फायर कर दिया।
गोली इरशाद के पेट में जा लगी। भाई को बचाने दौड़े नौशाद को हैंप्पी ने तमंचे की बट मारी और अपने घर में जा घुसा। परिजन इरशाद को अस्पताल ले जा रहे थे। इसी बीच हैप्पी के घर से एक के बाद एक तीन गोली चलने की आवाज आई। आसपास के लोग हैप्पी के घर पहुंचे।
हैप्पी, उसकी पत्नी अनुराधा (40) और बेटी नैंसी (15) लहूलुहान पड़े थे। अनुराधा व नैंसी को पेट में व हैप्पी को गले में गोली लगी थी। पड़ोसियों ने तीनों को आनन -फानन मे लोहिया अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डॉक्टर योगेंद्र सिंह ने हैप्पी को मृत घोषित कर दिया।
मां- बेटी को भी गंभीर हालत के चलते रेफर कर दिया गया। दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इरशाद को भी लोहिया अस्पताल से डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया। परिजनों ने उसे भी शहर के ही निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
सूचना पर शहर कोतवाल संजीव राठौर मौके पर पहुंचे और आलाधिकारियों को सूचना दी। इस पर एएसपी त्रिभुवन सिंह, सीओ सिटी शरदचंद्र शर्मा, फतेहगढ़ कोतवाल दधिबल तिवारी, मऊदरवाजा एसओ भुवनेश कुमार फोर्स के साथ लोहिया अस्पताल पहुंच गए।
पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी की। पुलिस को मृतक के घर के बाहर और अंदर से दो तमंचे मिले हैं। एएसपी ने बताया कि अभी विवाद का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। मामले की जांच कराई जा रही है। फिलहाल किसी पक्ष ने तहरीर भी नहीं दी है। दूसरी तरफ मोहल्ले में पैसे के लेनदेन और छेड़खानी को लेकर विवाद होने की चर्चा है।