फर्रुखाबाद। मेला में तीन शराबियों ने एक दुकानदार के दो भाइयों की पिटाई कर दी। भाइयों को पिटता देख बचाने गए दुकानदार के सिर पर शराबियों ने सरिया मार दी। इससे वह घायल हो गया।
जिला हरदोई के थाना पाली क्षेत्र के गांव राजपुर लभेड़ा निवासी रविंद्र कुशवाहा की मेला रामनगरिया में मिठाई की दुकान है। सोमवार की देर शाम रविंद्र ने अपने दो छोटे भाई अरविंद और आर्येंद्र को उधारी के रुपये जमा करने के लिए दूसरी दुकान पर भेजा था।
इस दौरान दोनों भाइयों को रास्ते में तीन शराबियों ने रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। यह देखकर दुकानदार अपने भाइयों को बचाने के लिए गया तो हमलावरों ने उसके सिर पर सरिया मार दी। इससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर मेला पुलिस मौके पर पहुंची।
एक शराबी वहां से फरार हो गया और दो शराबियों को पुलिस ने पकड़ लिया। इस दौरान शराबियों की एक सिपाही से धक्कामुक्की हो गई। घायल दुकानदार को पुलिस ने लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया है।