फर्रुखाबाद। दंपति से लूट के आरोपी का पांच दिन बाद चालान कर दिया गया। पकड़े गए छात्र से सोने की अंगूठी और चेन बरामद की गई है। पुलिस आरोपी के चार साथी को अभी तक गिरफ्तार नहीं कर पाई।
थाना कमालगंज के मोहल्ला गांधीनगर निवासी निर्मल गुप्ता बेवर से पत्नी मंजू देवी के साथ बाइक से लौट रहे थे। याकूतगंज के पास कार सवार लुटेरों ने तमंचों के बल पर दंपति से नगदी और जेवर लूट लिए थे। इस मामले की पुलिस जांच कर रही थी। इस दौरान स्वाट ने जिला कन्नौज थाना छिबरामऊ के मोहल्ला नईबस्ती गंगेश्वरनाथ मंदिर के पास रहने वाले बीएसी के छात्र अंकित चौहान पुत्र दीप प्रकाश के छोटे भाई को हिरासत में ले लिया था।
इसकी जानकारी होने पर अंकित चौहान ने अपने को कार समेत स्वाट के हवाले 23 दिसंबर को कर दिया। तभी से पुलिस छात्र से पूछताछ कर रही थी। इस दौरान अंकित ने बताया कि उसके साथ वारदात में छिबरामऊ थाना इलाके के विशुनगढ़ रोड निवासी नवीन चौहान, शैलू यादव, बॉबी यादव और भोला ठाकुर भी शामिल थे। पुलिस ने इन आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
यह अभी तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े। इस पर पुलिस ने रविवार की रात हुसैनपुर नौखंडा तिराहा से अंकित की गिरफ्तारी दिखा कर चालान कर दिया। पकड़े गए आरोपी से पुलिस ने सोने की अंगूठी, चेन और एक हजार रुपये के अलावा 315 बोर तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। अंकित ने बताया कि मौज मस्ती में घटना को अंजाम दिया था। जब उसके भाई को पुलिस ने उठा लिया तो वह खुद आ गया था।