फर्रुखाबाद। दो वकीलों ने सपा नेता भाइयों पर आरोप लगाया है कि उनकी हत्या के लिए एक शातिर अपराधी को दस लाख रुपये की सुपारी दी है। इसकी शिकायत एसपी से कर सुरक्षा की गुहार लगाई है। एसपी ने भरोसा दिया कि पुलिस पूरे मामले में जांच के बाद कार्रवाई करेगी। एसपी ने सीओ सिटी को जांच करने के आदेश दिए हैं।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सैनिक कालोनी निवासी वकील सुनील सिंह राठौर ने शुक्रवार को एसपी डॉ. अनिल मिश्रा को प्रार्थना पत्र दिया। इसमें आरोप लगाया कि 2 नवंबर को उन पर व साथी वकील सोनू सोलंकी पर जानलेवा हमला हुआ था। इस मामले में लोको रोड भोलेपुर निवासी सपा नेता दो भाइयों और आवास विकास कालोनी निवासी दो साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपी अपने साथी पूर्व प्रधान निवासी गंगानगर के साथ मिलकर उनकी हत्या की योजना बना रहे है। इसके लिए फिरोजाबाद के इनामी बदमाश को दस लाख की सुपारी दी गई है। सटीक लोगों ने इसकी जानकारी दी है। ऐसे में उन दोनों को जानमाल का खतरा बना हुआ है। एसपी ने पूरे मामले में ठोस कार्रवाई करवाने का भरोसा दिया है। इस प्रकरण में सीओ सिटी मन्नी लाल गौंड को जांच सौंपी गई है। सुनील ने दर्ज कराए मुकदमे में विवेचक पर लापरवाही बरतने का आरोप भी लगाया है। इस पर एसपी ने साक्ष्य उपलब्ध कराने की बात कह कर विवेचना में उनको शामिल करवाने का भरोसा दिया है।