हारे को जीत का प्रमाणपत्र देने में प्रतिकूल प्रविष्टि
फर्रुखाबाद। एक वार्ड के दो क्षेत्र पंचायत सदस्यों को जीत का प्रमाणपत्र देने में सहायक निर्वाचन अधिकारी रहे बीईओ कमालगंज को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। उन्होंने एक बूथ की गणना के आधार पर जीत का प्रमाणपत्र प्रत्याशी को दे दिया था जबकि सभी बूथों की गणना पर दूसरा प्रत्याशी विजयी हुआ। इस पर निर्वाचन अधिकारी नवाबगंज ने जीत का प्रमाण पत्र दिया था।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में खंड शिक्षा अधिकारी कमालगंज मुन्ना लाल त्रिवेदी को विकास खंड नवाबगंज का सहायक निर्वाचन अधिकारी बनाया गया था। उन्होंने एक बूथ की गणना के आधार पर क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रत्याशी सुखवीर को जीत का प्रमाणपत्र दे दिया था। सभी बूथों की गणना होने पर प्रदीप कुमार को 368 और सुखवीर को 218 वोट मिले।
निर्वाचन अधिकारी ने प्रदीप कुमार को विजय का प्रमाणपत्र दिया। दो लोगों को एक वार्ड से जीत के प्रमाण पत्र पर सुखवीर ने शिकायत कर जांच की मांग उठाई। डीएम के आदेश पर डीडीओ दुर्गादत्त शुक्ला ने जांच की। इसमें सुखवीर को सहायक निर्वाचन अधिकारी बीईओ मुन्ना लाल त्रिवेदी द्वारा जीत का प्रमाणपत्र गलत तरीके से दिए जाने का मामला सामने आया। जांच रिपोर्ट आने के बाद डीएम के आदेश पर बीएसए लालजी यादव ने बीईओ को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि दी है।