फर्रुखाबाद। आईजीआरएस पर आने वाली शिकायतों का समय से निस्तारण न करने वाले पांच एडीओ का अगस्त माह का वेतन रोककर उनसे तीन दिन में जवाब मांगा है।
जिला पंचायत राज अधिकारी उमाशंकर मिश्र ने एडीओ कमालगंज सुभाष चंद्र, एडीओ कायमगंज ओंकार सिंह, एडीओ शमसाबाद आफाक हुसैन गाजी, एडीओ राजेपुर अजीत पाठक व एडी मोहम्मदाबाद जयेंद्र सिंह को अंतिम चेतावनी नोटिस दिया है।
इसमें कहा कि जन सुनवाई पोर्टल पर आने वाली शिकायतों की डीएम ने समीक्षा की तो अधिकांश लंबित मिलीं। डिफाल्टर तिथि पर रात में ही शिकायतों का निस्तारण कर आख्या लगातार अपलोड की जा रही है।
शिकायतों का फर्जी निस्तारण होने की आशंका पर डीएम ने नाराजगी जताई है। डीपीआरओ ने लापरवाही बरतने व काम में रुचि न लेने पर इन सभी एडीओ का अगस्त का वेतन रोककर अंतिम चेतावनी दी।
कहा कि डिफाल्टर होने से तीन दिन पहले शिकायतों की गंभीरता से जांच कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। समय से शिकायत का निस्तारण न होने पर कार्रवाई की जाएगी।