गोदाम को सील करते पुलिस कर्मी। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। दो दिन पहले बरेली में रोडवेज बस से ढाई क्विंटल बारूद मिलने के मामले में फोरेंसिक टीम ने मंगलवार को व्यापारी सौरभ के सील गोदामों को खुलवाकर बारूद के नमूने लिए। दोनों गोदामों को फिर से सील कर दिया। पुलिस ने रेलवे स्टेशन के दो कुली के अलावा हिरासत में बैठे व्यापारी से कई चक्रों में पूछताछ की।
रविवार की सुबह फर्रुखाबाद बस स्टाप से पीलीभीत डिपो की बस में मोहल्ला नया कोठा पार्चा खतराना के व्यापारी ने ढाई क्विंटल बारूद के पांच बोरे लादकर जिला पीलीभीत के पुत्तन के पास भिजवाए थे। बरेली में थाना बरादरी पुलिस ने बस चालक व परिचालक को पकड़ लिया और बारूद बरामद कर लिया था। बरेली पुुलिस ने रविवार की रात ही दबिश देकर सीओ सिटी मन्नी लाल के सहयोग से व्यापारी सौरभ अग्रवाल व रेलवे स्टेशन के दो कुलियों को पकड़ लिया था। पुलिस ने सौरभ के दोनों गोदाम सील कर दिए। सोमवार को भी पुलिस अन्य लोगों की तलाश में जुटी रही। पकड़े गए लोगों से पूछताछ की।
मंगलवार को फोरेंसिक टीम के वैज्ञानिक ओम प्रकाश व दरोगा सुरेंद्र कुमार सिपाही के साथ व्यापारी के गोदाम में पहुंचे। नखास चौकी इंचार्ज बलराज भाटी ने गोदाम के ताले खुलवाए। फोरेंसिंक टीम ने दोनों गोदाम से बारूद के नमूने लिए और फिर से सील कर दिया। वैज्ञानिक ओम प्रकाश ने बताया कि मौके से दोनो गोदामों में स्टील के बर्तन की छीलन मिली है। इसका प्रयोग फुलझड़ी व मेहताब के अलावा ब्रांडेड कंपनी के अनार बनाने वाली कंपनी करती है। इसकी तीव्रता कितनी है इसकी जांच बीडीएस की टीम करेगी। फिलहाल लखनऊ में सभी जगहों की बीडीएस कंपनी एक प्रदेश स्तर के कार्यक्रम में है। ऐसे में 9 फरवरी के बाद ही बीडीएस के लोग आएंगे और विस्फोटक सामग्री की तीव्रता की जांच करेगें। जो नमूने लिए हैं उनको जांच के लिए लखनऊ की विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
आईजी ने पूरे प्रकरण में मांगी रिपोट
फर्रुखाबाद। आईजी जोन मोहित अग्रवाल ने प्रकरण को संज्ञान में लेकर जिले के अफसरों से रिपोर्ट मांगी है। मंगलवार को आईजी का फरमान आते ही जिले के पुलिस अफसरों में हड़कंप मच गया। सीओ सिटी मन्नी लाल गौंड ने रोडवेज बस स्टाफ जाकर पीलीभीत डिपो की बस के स्टाफ के बारे में जानकारी की। वहीं प्रभारी कोतवाल हरिओम प्रकाश त्रिपाठी ने अब तक हुई कार्रवाई के बारे में पूरी रिपोर्ट तैयार कर एसपी डॉ अनिल मिश्रा को दी।
बरेली के आईपीएस सीओ ने कई बार ली जानकारी
फर्रुखाबाद। जिला बरेली के आईपीएस सीओ अभिषेक वर्मा ने कई बार प्रभारी कोतवाल हरिओम प्रकाश त्रिपाठी से अब तक हुई कार्रवाई के बारे में जानकारी की। फोरेंसिक टीम ने मौके पर जो जांच में पाया उसके बारे में पूछा और बताया कि वह भी शीघ्र फर्रुखाबाद आकर पूरे प्रकरण में जांच करेंगे।