अमृतपुर। संपूर्ण समाधान दिवस में बुधवार को वरासत दर्ज न करने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने लेखपाल को निलंबित करने के आदेश दिए। उन्होंने एसडीएम को वरासत दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह शिकायतें सुन रहे थे। इसी दौरान क्षेत्र के गांव अलादपुर भटौली निवासी रामबेटी ने फरियाद की कि लेखपाल ने रुपये लेने के बाद भी वरासत दर्ज नहीं की है। इस पर जिलाधिकारी ने लेखपाल मोहित गुप्ता को बुलाया। वह सवालों का जवाब नहीं दे सके। इस पर जिलाधिकारी ने फटकार लगाई। इसके बाद उपजिलाधिकारी बृजेंद्र कुमार को आड़े हाथ लिया। कहा कि पिछले दिनों वरासत दर्ज कराने के लिए अभियान चला था। इसके बाद भी वरासत दर्ज न होना गंभीर मामला है। उन्होंने उपजिलाधिकारी को तत्काल लेखपाल को निलंबित करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि लेखपाल सही काम नहीं कर रहे हैं। उन पर आपका (एसडीएम का) अंकुश नहीं है। गांव कुम्हरौर निवासी राजपाल ने पट्टा की पत्रावली गायब होने की शिकतयत की। जिलाधिकारी के सामने कुल 72 शिकायतें पहुंची। इनमें पांच मामलों का ही मौके पर निस्तारण हो सका। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, सीएमओ डॉ.वंदना सिंह, डीडीओ दुर्गा दत्त शुक्ला, बीईओ रमेश जौहर आदि मौजूद रहे।