गंगा चेतावनी बिंदु के पार पहुंची
- फोटो : अमर उजाला
गंगा में लगातार पानी छोड़े जाने से जलस्तर चेतावनी बिंदु के पार पहुंच गया है। गंगा किनारे बसे घरों में पानी दोबारा भरना शुरू हो गया है। वहीं, रामगंगा के जलस्तर में पांच सेंटीमीटर की और गिरावट हुई है। इससे इस नदी के किनारे बसे गांवों के लोगों ने राहत की सांस लेनी शुरू कर दी है।
गंगा नदी में लगातार छोड़े जा रहे पानी की मात्रा कम होने से गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से नीचे चला गया था। छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा अधिक होने से गंगा के जलस्तर ने फिर से चेतावनी बिंदु 136.60 मीटर को पार कर लिया है। अब जलस्तर 136.65 मीटर पर पहुंच गया है। इस कारण गंगा किनारे बसे गांवों में दोबारा से आफत आ गई।
घरों में पानी भरना शुरू हो गया है। ग्रामीणों ने गांव से पलायन करना शुरू कर दिया है। गुरुवार को गंगा में नरौरा से 101481 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। हरिद्वार से 72911 और विजनौर से 120827 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। नरौरा से छोड़े गए पानी की मात्रा अधिक होने के कारण अभी गंगा का जलस्तर और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। वहीं रामगंगा का जलस्तर दिन पर दिन कम होता जा रहा है।
रामगंगा का जलस्तर 135.15 मीटर से 135.10 मीटर पर पहुंच गया है। इससे रामगंगा किनारे बसे गांवों के लोगों को पानी भरने से निजात मिलनी शुरू हो गई है।