संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ क्षेत्र में एक युवती पर धर्मांतरण का दबाव बनाने और दुष्कर्म के आरोपी को एसओजी ने कांशीराम कालोनी से पकड़ लिया। उसे संरक्षण देने के आरोप में मां, सौतेला भाई समेत छह लोग भी पुलिस की हिरासत में हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
मऊदरवाजा थाने के हैवतपुर गढि़या स्थित कांशीराम कालोनी निवासी सलमान पर फतेहगढ़ कोतवाली में एक युवती ने धर्मांतरण का दबाव बनाने और दुष्कर्म करने का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद से सलमान की एसओजी को तलाश थी। गुरुवार रात एसओजी को पता चला कि वह कांशीराम कालोनी में एक दोस्त के यहां रुका है। एसओजी टीम ने पुलिस बल के बाढ़ से घिरी कांशीराम कालोनी में ट्रैक्टर-ट्राली से दबिश दी।
उसे भनक लगते ही वह छतों के रास्ते भाग गया। शुक्रवार सुबह के वक्त पुलिस ने फिर दबिश दी, तो आरोपी दूसरे मकान से पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने उसकी मां और सौतेले भाई को भी हिरासत में ले लिया। एसओजी ने सलमान और छह अन्य लोगों को हिरासत में लिया है। फतेहगढ़ कोतवाली के प्रभारी अपराध इंस्पेक्टर कमलेश कुमार ने बताया कि आरोपी को पकड़ा गया है। उससे पूछताछ चल रही है। सभी पहलुओं की गहनता से जांच चल रही है।
खटकपुरा का शातिर चोर हिस्ट्रीशीटर अनवर गिरफ्तार
फर्रुखाबाद। कोतवाली पुलिस ने शहर के खटकपुरा इज्जतखां निवासी शातिर चोर और जुआरी हिस्ट्रीशीटर अनवर अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल अनिल कुमार चौबे शुक्रवार रात गश्त पर थे। मुखबिर की सूचना पर रात करीब एक बजे खटकपुरा चौकी दरगाह के पास से अनवर की घेराबंदी करके पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास तमंचा व कारतूस बरामद हुए। पुलिस को अनवर ने बताया कि वह जुआ खेलता है। हार होने पर वह चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है। अनवर पर शहर और मऊदरवाजा थाने में 16 मुकदमे दर्ज हैं। (संवाद)