संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रूखाबाद। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों मेें ट्रैक्टर और नाव पर सवार होकर पहुंचे सदर विधायक ने पीड़ितों का दर्द जाना। उन्होंने कहा कि बाढ़ से प्रभावित लोगों को सरकार पूरी मदद कर रही है। किसी को दिक्कत होने पर उनसे सीधे संपर्क किया जा सकता है।
शुक्रवार को सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा करने निकले। उन्होंने रामपुर-ढपरपुर, हैवतपुर गढि़या, ढकेलापुर, बिलावलपुर, प्रहलादपुर, शिकारपुर, धर्मपुर कटरी आदि गांवों में बाढ़ का पानी भरा होने के कारण नाव और ट्रैक्टर का सहारा लिया।
गांव में पहुंचकर विधायक ने कहा कि सरकार सभी पीड़ितों के लिए राहत सामग्री भेजने का प्रबंध कर रही है। उन्होंने वितरित की गई राहत सामिग्री की समीक्षा की। ग्रामीणों ने कहा कि बाढ़ के दौरान खाने-पीने का सामान तथा बरसात के दौरान पन्नी न मिलने की समस्या बताई। विधायक ने ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने बताया कि बाढ़ पीड़ितों को बांटी जा रही राहत सामिग्री के पैकेट में 19 प्रकार की वस्तुएं हैं। उन्हाेंने प्रशासनिक अधिकारियों को बाढ़ पीड़ितों की हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए।