कमालगंज। कस्बा के गंगा गली में स्थित मंदिर के शिवलिंग को एक युवक ने ईंट मारकर तोड़ दिया। टूटे शिवलिंग को मंदिर से बाहर फेंक युवक फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। मंदिर व्यवस्थापक ने युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
कस्बे के गंगा गली में स्थित फूल बगिया प्राचीन शिव मंदिर पर रविवार शाम करीब 4 बजे मोहल्ला इंद्रानगर निवासी भूरा पहुंचा। भूरा ने मंदिर का दरवाजा खोला और पास में पड़ी एक ईंट से हमला कर शिवलिंग तोड़ दिया। भूरा ने टूटी शिवलिंग को मंदिर से बाहर हैंडपंप के पास फेंक दिया। वहां मौजूद प्रताप नगर निवासी एक युवक ने जब भूरा को पकड़ने का प्रयास किया तो वह धक्का देकर भाग गया।
घटना की जानकारी पर मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ लग गई। विश्व हिंदू परिषद नेता श्याम सहयोगी ने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले की जानकारी मिलने पर प्रभारी निरीक्षक अमरपाल सिंह कस्बा प्रभारी प्रशांत कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच की। आस-पास के लोगों ने बताया कि भूरा को ईंट लेकर मंदिर के अंदर जाते देखा था। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई। लोगों में चर्चा रही कि चाचा की मौत हो जाने पर भूरा ने यह कदम उठाया है। मंदिर व्यवस्थापक डॉ. प्रदीप कुमार विश्नोई ने भूरा के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मंदिर की मूर्ति को क्षतिग्रस्त करने की धारा में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। प्रभारी निरीक्षक अमरपाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।