कायमगंज। बरात से लौट रहे बाइक सवार दूल्हे के चचेरे भाई की ट्रैक्टर की टक्कर लगने से मौत हो गई। दूल्हे का बहनोई घायल हो गया। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था। हादसा कंपिल रोड स्थित भगवती टाकीज के पास हुआ।
कोतवाली क्षेत्र के गांव प्रेमनगर निवासी धनीराम बाथम के पुत्र रामू की बरात सोमवार रात नवाबगंज क्षेत्र के गांव सिरमौरा में गई थी। बरात में शामिल होकर दूल्हे रामू के बहनोई कमलेश (25) निवासी ग्राम गोकुलपुर थाना कुरावली मैनपुरी व चचेरे भाई ओमशिव (18) निवासी नौखंडा फतेहगढ़ बरात में शामिल होकर बाइक से घर आ रहे थे।
भगवती टाकीज के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार कमलेश व ओमशिव घायल हो गए। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को सीएचसी भिजवाया। वहां पर दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। रास्ते में ओम शिव की मौत हो गई। अधिकांश बराती व रिश्तेदार लोहिया अस्पताल पहुंच गए। इससे शादी की खुशियों के जगह घर में चीत्कार मच गया।