मोहम्मदाबाद। डंपर की टक्कर लगने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं उसका चचेरा भाई व रिश्तेदार घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस सीएचसी पहुंची।
कोतवाली क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर निवासी रवि (35) अपने चचेरे भाई विंकल उर्फ गुरुशरण व रिश्तेदार सोमनाथ के साथ मंगलवार को बाइक से गांव आ रहा था। तकीपुर गांव के सामने बाइक फिसलकर डंपर से टकरा गई। इसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीर तीनों घायलों को बाइक से सीएचसी में लेकर पहुंचे। रवि की हालत गंभीर होने पर उसको लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।
रास्ते में रवि की मौत हो गई। सोमनाथ व विंकल की हालत गंभीर होने पर डॉ. गौरव ने दोनों को एंबुलेंस से लोहिया अस्पताल भेज दिया। रवि दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता था। उसकी मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। रवि की पत्नी रूबी व बेटा सोहन रो-रोकर बेहाल हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल राकेश कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।