नवाबगंज। कोचिंग पढ़ने जा रहे दो दोस्त बाइक अनियंत्रित होकर पोल से टकरा गए। इससे बाइक चालक का सिर फट गया और पीछे बैठा दोस्त घायल हो गया। दोनों को लोहिया अस्पताल भर्ती कराया गया। एक की हालत गंभीर होने पर डाक्टर ने उसको रेफर कर दिया है। कानपुर ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
थानाक्षेत्र के गांव कक्यूली निवासी संजीव दीक्षित का पुत्र हर्षित दीक्षित बुधवार को दोस्त धनंजय पुत्र रमेश राठौर को बाइक पर बैठाकर कोचिंग करने शहर आ रहा था। हर्षित हेलमेट नहीं लगाए थे। गांव नगला वेग के सामने पूर्व प्रधान के दरवाजे पर लगे बिजली के पोल से बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। इससे हर्षित के सिर में चोट आई। पीछे बैठा धनंजय भी घायल हो गया। वहां मौजूद ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस से दोनों घायलों को सीएचसी भेजा। वहां से डाक्टर ने घायलों को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। हर्षित की हालत गंभीर होने पर लोहिया अस्पताल के डाक्टर ने उसको रेफर कर दिया है। वहां से कानपुर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। हर्षित तीन भाई बहनों में अकेला था। उससे एक बहन छोटी और एक बड़ी है। बीएससी की पढ़ाई करने के बाद कंपटीशन की तैयारी कर रहा था। संवाद