फर्रुखाबाद। परिवहन राज्यमंत्री की सभी तरह की एसी बसों में 10 फीसदी किराया कम करने से स्थानीय डिपो की दो बसों में यात्रा करने वाले 200 यात्रियों को फायदा होगा।
कौशांबी तक हर यात्री को 90 रुपये कम किराया देना होगा। हालांकि बरेली, कानपुर और साहिबाबाद डिपो की बसें भी यहां से होकर गुजरती हैं।
डिपो के पास इस समय दो एसी बसें हैं। यह बसें शाम आठ और नौ बजे कौशांबी के लिए रवाना होती हैं। इन बसों से औसतन रोजाना 200 यात्री सफर करते हैं।
परिवहन मंत्री की 10 फीसदी कम किराया करने की घोषणा से इन यात्रियों को कौशांबी तक 90 रुपये कम किराया देना होगा। इससे यात्रियों को खासा फायदा होगा। यही नहीं स्थानीय बस अड्डा से बरेली-कानपुर, कानपुर-देहरादून, साहिबाबाद-फर्रुखाबाद के लिए भी जनरथ बसें संचालित हैं।
इन बसों से भी बड़ी संख्या में यात्री कानपुर, देहरादून, साहि बाबाद के लिए जाते हैं। किराया कम होने से इस रूट के यात्रियों को भी कम किराया भुगतान करना होगा। किराया कम होने से एसी बसों की आय भी बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
वरिष्ठ केंद्र प्रभारी गौरीशंकर ने बताया कि एसी बसों में कम किराया होने से यात्रियों को खासा फायदा होगा। सर्दियों में एसी बसों से लोग कम यात्रा करते हैं। मगर किराया कम होने से बसों की आय में कोई कमी नहीं आती। इसकी यात्रा आरामदायक भी है।