फोटो- 02 अधिकांश कालेज परीक्षा के दौरान विश्वविद्यालय कंट्रोल रूम से भी नहीं जुड़ पाए थे संवाद न्यूज एजेंसी फर्रुखाबाद। सत्र 2020-21 में डिग्री कॉलेजों में पढ़ाई के लिए शैक्षिक कैलेंडर तो तैयार कर लिया गया है। लेकिन इसको अमली जामा पहनाने और उसके अनुरूप ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन चुनौतीपूर्ण होगा। दरअसल अभी भी अधिकांश डिग्री कालेज तकनीकी सुविधाओं की दृष्टि से अपडेट नहीं हो सकें हैं। यही वजह है कि वार्षिक परीक्षाओं के दौरान ज्यादातर कालेज विश्वविद्यालय के कंट्रोल रूम से नहीं जुड़ पाए थे। जिले में करीब 80 स्ववित्तपोषित, एक राजकीय व 7 सहायता प्राप्त डिग्री कालेज हैं। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी किए गए शैक्षिक कैलेंडर के अनुसार स्नातक व परा स्नातक की प्रथम वर्ष को छोड़कर शेष कक्षाओं में 4 अगस्त से ऑनलाइन कक्षाएं संचालित होंगी। इसमें शिक्षक को कॉलेज में विभिन्न साधनों की सहायता से पाठ्यसामग्री को प्रस्तुत करना होगा। कक्षा के छात्र घर बैठे ऑनलाइन जुड़कर अध्ययन करेंगे। बाद में स्थिति सामान्य होने पर अक्तूबर से कालेज में ही कक्षाएं लग सकती हैं। आरपी डिग्री कालेज कमालगंज के प्राचार्य डॉ. बलवीर सिंह का कहना है कि ऑनलाइन पढ़ाने के लिए शिक्षक तो अपने को अपडेट कर लेंगे। लेकिन डिग्री कॉलेजों में कक्षाओं को ऑनलाइन करने की सुविधाएं हैं ही नहीं। इसके लिए तैयारी को काफी समय लगेगा। अगस्त तक कक्षाएं ऑनलाइन हो पाना बहुत कठिन है। प्रवेश फार्म बट रहे, लेकिन दाखिले का रुझान नहीं - इंटरमीडिएट का रिजल्ट आने के बाद जिले के डिग्री कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए प्रवेश फार्म बटने लगे हैं। अनुदानित कालेजों में शहर के बद्रीविशाल डिग्री कालेज, डीएन कालेज फतेहगढ़, आरपी डिग्री कालेज कमालगंज में कार्यालय खोलकर प्रवेश फार्म का वितरण हो रहा है। वहीं प्राचार्यों का कहना है कि इंटरमीडिएट उत्तीर्ण छात्र प्रवेश फार्म लेने तो आ रहे हैं। लेकिन पिछले वर्षों की तुलना में बहुत कम गति से छात्र फार्म लेने आ रहे हैं। जो छात्र प्रवेश फार्म लेने पहुंच रहे हैं, वह छात्र पढ़ाई को लेकर भी चिंतित हैं। क्योंकि शैक्षिक कैलेंडर में प्रथम वर्ष की पढ़ाई के लिए स्थिति सामान्य होने पर ही अक्तूबर में पढ़ाई शुरू होने की बात कही गई है।