शमसाबाद। भगवानपुर गांव में मंगलवार रात गांव के बाहर लगे बिजली के ट्रांसफार्मर से एक युवक चिपका मिला। ग्रामीणों ने जब देखा तो तुरंत सूचना युवक के परिवार को दी गई।
मंगलवार रात ट्रांसफार्मर से युवक को चिपका हुआ देखकर गांव में खलबली मच गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस ने 35 वर्षीय रियासत पुत्र स्वर्गीय लियाकत को ट्रांसफार्मर से उतरवाया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक के चाचा मोहम्मद फैज ने बताया कि रियासत मंगलवार की देर शाम गांव में ही कहीं गया था। बाद में पता चला कि वह ट्रांसफॉर्मर में चिपका मिला है। रियासत बोल और सुन नहीं सकता था। उन्होंने बताया कि यह साफ नहीं है कि वह ट्रांसफार्मर पर कैसे चढ़ा और करंट की चपेट में कैसे आया। युवक के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। थानाध्यक्ष तरुण सिंह भदौरिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।