फर्रुखाबाद। खेत पर गए दो युवकों पर रविवार को बिजली गिर गई। इससे एक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। झुलसे युवक का नर्सिंग होम में इलाज चल रहा है। नायब तहसीलदार कायमगंज व थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव हथौड़ा निवासी देवेंद्र चौहान उर्फ रिशू (33) अपनी बुआ के पुत्र भूरे (28) के साथ रविवार दोपहर धान के खेत में थे। इसी दौरान बिजली गिरने से देवेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भूरे गंभीर रूप से झुलस गया। जानकारी मिलने पर परिजनों ने भूरे को एटा स्थित नर्सिंग होम में भर्ती कराया।
घटना की जानकारी जिला पंचायत सदस्य मुनीशचंद्र मिश्र ने एसडीएम कायमगंज को दी। एसडीएम ने नायब तहसीलदार कायमगंज व थाना पुलिस को मौके पर भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बिजली से युवक की मौत की पुष्टि हुई। शव देख पत्नी सावित्री का रो-रोकर बुरा हाल रहा। मृतक सात भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। मृतक के दो पुत्र व दो पुत्रियां हैं।