कायमगंज। कोतवाली क्षेत्र के लखनपुर गांव में एक महिला ने मायके जाने की जिद में फंदा लगाकर जान दे दी। उसका शव घर के कमरे में जंगले से साड़ी के फंदे पर लटका मिला। पति का कहना है कि उसने आर्थिक तंगी के कारण जाने से मना किया था।
गांव लखनपुर में महिला संगीता (23) ने मायके जाने की जिद के चलते फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पति हरिश्चंद्र ने बताया कि जब उन्होंने कमरे का दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं आया। संदेह होने पर झांककर देखा तो पत्नी को फंदे से लटका पाया। सूचना पर इंस्पेक्टर क्राइम मोहम्मद कामिल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। सूचना पर फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी के माध्यम से साक्ष्य जुटाए।
पति के अनुसार संगीता बिहार के मुजफ्फरपुर की रहने वाली थी। दोनों की मुलाकात करीब डेढ़ साल पहले अहमदाबाद की एक प्राइवेट फैक्टरी में हुई थी। वहां दोनों ने विवाह कर लिया था। संगीता हाल ही में मायके जाने की जिद कर रही थी, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण पति ने उसे जाने से मना कर दिया था।
पुलिस ने नायब तहसीलदार अनवर हुसैन की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष अनुराग मिश्र ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है।