फर्रुखाबाद। बाढ़ की तेज धार से धंसी बिलावलपुर की पुलिया से मंगलवार सुबह निकल रही गेहूं भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली पलट गई। इससे ट्रैक्टर सहित ट्रॉली 10 फीट गहरे पानी में जा गिरी। चालक और किसान ने कूद कर जान बचाई। पांच घंटे के प्रयास के बाद गोताखोरों की मदद से क्रेन ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को बाहर निकाला।
शहर के मऊदरवाजा थाने के गांव कटरी शिकारपुर निवासी जोगेंद्र राजपूत गांव के ही दीवारी लाल के ट्रैक्टर-ट्रॉली से 108 बोरी गेहूं लादकर मंगलवार सुबह शाहजहांपुर के अल्ल्हागंज मंडी जा रहे थे। ट्रैक्टर-ट्रॉली जब बिलावलपुर डिप के पास पुलिया पार कर रहा थी, तभी बाढ़ की धार से कटी मिट्टी में धंसकर पानी में पलट गई।
आसपास के गावों के लोगों की मदद से गहरे पानी से करीब 60 बोरी गेहूं निकाल लिया गया। दोपहर करीब 12 बजे क्रेन और गोताखोर मौके पर पहुंचे। पांच घंटे प्रयास के बाद ट्रैक्टर-ट्राॅली को निकाला जा सका। थानाध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कि क्रेन की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली को निकाल लिया गया है। किसी को चोट नहीं आई है।