फोटो-14, बूढ़ी गंगा पुलिया के पास पलटा हुई बालू लदी ट्रैक्टर ट्राली। संवाद
कायमगंज। अहमदगंज रोड स्थित बूढ़ी गंगा पुलिया के पास मंगलवार को बालू से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ट्रॉली में पांच यात्री सवार थे, जो सुरक्षित बच गए। बताया गया कि बाढ़ के चलते सड़क पर बने गड्ढे में ट्रैक्टर का पहिया फंसने से यह हादसा हुआ।
यात्रियों ने बताया कि पिछले बीस दिनों से इस मार्ग पर पानी भरा है। इससे सड़क कई जगह कटकर गड्ढों में तब्दील हो गई है। इसी मार्ग से रोजाना हजारों लोग गुजरते हैं। बाढ़ग्रस्त इलाकों के ग्रामीण बालू लदे ट्रैक्टर में बैठकर आते और चले जाते हैं। इस ट्रैक्टर में भी पांच यात्री बैठे थे। बालू लदी ट्राॅली गड्ढे में पलट गई, ट्रैक्टर पलटने से बच गया। इससे हादसा भी टल गया। बालू पानी के तेज बहाव में बह गई। ग्रामीणों ने ट्राॅली को सीधा कराने में मदद की। प्रशासन ने आवागमन के लिए नाव की व्यवस्था और संकेतक लगाए हैं। बावजूद इसके लोग नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं।