कायमगंज। अलीगंज रोड स्थित कैसर खां अड्डे के पास सोमवार सुबह रोडवेज बस की टक्कर से साइकिल सवार छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके बाबा और बहन बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव शिवरई बरियार निवासी सुरेंद्र सिंह शाक्य अपने नाती कार्तिक(8) और नातिन छाया को साइकिल से दत्तू नगला स्थित एक निजी विद्यालय छोड़ने जा रहे थे। जैसे ही वे कायमगंज-अलीगंज मार्ग पर कैसर खां अड्डे के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही रोडवेज बस ने साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार्तिक सड़क पर गिरकर बस की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजन घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार छात्र की हालत चिंताजनक है।
हादसे के बाद मौके पर भीड़ लग गई और कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने पहुंचकर यातायात बहाल करवाया। घटना के बाद स्कूल खुले होने को लेकर सवाल उठने लगे। खंड शिक्षा अधिकारी ओमपाल सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर 22 व 23 दिसंबर को कक्षा एक से इंटर तक के सभी विद्यालय बंद रखने के निर्देश हैं। यदि कोई विद्यालय खुला पाया गया तो जांच कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।