कमालगंज। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दूसरे दिन शनिवार को नंदोत्सव मनाया गया। सजी-धजी पालकी में लड्डूगोपाल को बैठाकर दधिकांदो यात्रा शुरू हुई तो श्रद्धा व भक्ति की धारा मुख्य मार्ग पर बह निकली। डीजे की धुन पर झूमते व जयकारे लगाते लोग भक्ति व उल्लास के साथ आगे बढ़े।
भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने पूजन-अनुष्ठान कराया। इसके बाद तपस्वी वाले बाग के पास से दाधिकांदो यात्रा कानपुर मार्ग पर आगे बढ़ी। माथे पर चंदन का लेप, गले में पटका, हाथों में भगवाध्वज लहराकर यात्रा आगे बढ़ी तो जयकारों से पूरा माहौल गूंज उठा। यात्रा के पीछे ठेली पर भक्तजन चरणामृत वितरित करते चल रहे थे। हरदोई के संत बच्चा बाबा, चेयरमैन राजबेटी शंखवार, अध्यक्ष गोपाल विश्नोई, महामंत्री नितेश माहेश्वरी, कोषाध्यक्ष पवन गुप्ता, कन्हैया हलवाई, राजीव चतुर्वेदी, धीरू शुक्ला, आकाश दुबे, सोनू गुप्ता, रामू चौरसिया, हिना दवे भी रहीं। रास्ते में मंदिरों के पास पालकी में विराजमान लड्डूगोपाल की शंख-ध्वनि, मजीरों की धुन के बीच आरती उतारी गई।