सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय में लगा सरवर फुंकने से लाइसेंस और वाहन
पंजीकरण का कार्य ठप हो गया। टैक्स की धनराशि भी जमा नहीं हुई। कर्मचारी
कार्यालय छोड़ कर चले गए। इस कारण लाइसेंस बनवाने और वाहनों का रजिस्ट्रेशन
कराने आए लोगों को लौटना पड़ा।
सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय में
ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण और रोड टैक्स की फीस ऑन लाइन कटती है।
कार्यालय में सरवर लगा हुआ है। बुधवार की सुबह करीब 11 बजे अचानक
शार्टसर्किट से सरवर जल गया। इससे कार्यालय प्रांगण में हड़कंप मच गया।
सरवर फुंकने से कार्यालय का काम काज ठप हो गया। ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने
को फोटो खिंचवाने और
वाहनों का रजिस्ट्रेशन कराने आए लोगों को लौटना पड़ा।
सरबर खराब होने से कर्मचारी कार्यालय छोड़ कर चले गए। लिपिक आशुतोष शुक्ला
कार्यालय में उपस्थित रहे। सरवर की खराबी के कारण एआरटीओ कार्यालय में कोई
कार्य नहीं हुआ। इसको सही कराने के लिए कर्मचारी को बुलाया गया है। सरवर
सही होने के बाद ड्राइविंग लाइसेंस बनने, वाहनों के रजिस्ट्रेशन व टैक्स
जमा होने का कार्य होगा। इससे पहले भी एक बार सरवर फुंक चुका है। इस कारण
तीन दिन कार्यालय का कामकाज बंद रहा था।