कमालगंज। सेवानिवृत्त सचिव एवं पूर्व वॉलीबॉल खिलाड़ी से जेवर और मोबाइल लूट के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। लुटेरे युवक ने टूर्नामेंट मैच में रेफरी बनाने की झांसा देकर बाग में ले जाकर लूट की घटना को अंजाम दिया था। आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से दूर है।
कस्बा के मोहल्ला शास्त्री नगर द्वितीय निवासी यदुनाथ सिंह सोमवंशी की बेटी नीलम राठौर ने पिता के साथ हुई लूट की जानकारी थाने में दी थी। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच की थी। नीलम के मुताबिक, पिता को एक व्यक्ति ने कॉल कर कहा कि याकूतगंज में वॉलीबॉल का मैच हो रहा है, आप रेफरी करने आइए।
करीब तीन बजे पिता टेंपो पर सवार होकर याकूतगंज क्राॅसिंग पहुंच गए। वहां आरोपी ने मैच स्थल बदलने की बात कही और भोजपुर बघार स्थित हुसैनगंज गुमटी के पास लाया। युवक पिता को बाग की ओर ले गया। यहां तमंचा दिखाकर चेन, अंगूठी और मोबाइल लूट लिया। पुलिस ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।