फोटो-12 कोतवाली में गिरफ्तार हत्यारोपियों के साथ खड़ी पुलिस। स्रोत: पुलिस
कायमगंज (फर्रुखाबाद)। कोतवाली पुलिस ने डेढ़ माह पूर्व गांव मई रसीदपुर निवासी किसान की गोली मारकर हत्या करने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर और तीन कारतूस बरामद किए हैं। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है। जबकि मुख्य आरोपी अब भी फरार है। बाइक-साइकिल की मामूली भिड़ंत के बाद कहासुनी में आरोपियों ने किसान की हत्या कर दी थी।
कोतवाली मोहम्मदाबाद के गांव साहिबाबाद निवासी विकल उर्फ विकल्ले (20), एटा थाना अलीगंज के गांव हरसिंहपुर निवासी सनी उर्फ दीपक राजपूत (26) को मंगलवार सुबह नरसिंहपुर बंबा पुल के पास से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने 24 दिसंबर को किसान सोबरन सिंह की गोली मारकर हत्या करने की बात स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक, घटना के दिन आरोपी एक और दोस्त जबर सिंह के साथ मोटरसाइकिल से एक शादी समारोह में जा रहे थे। ग्राम मई रसीदपुर के पास साइकिल सवार किसान सोबरन से मोटरसाइकिल की मामूली टक्कर हो गई। इस पर कहासुनी के बाद सोबरन गालीगलौज करने लगा। इससे गुस्साए मुख्य आरोपी जबर सिंह ने तमंचे से तीन गोलियां मार दीं। इससे सोबरन सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी शव को झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए थे। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक एमएम चतुर्वेदी ने एसओजी व सर्विलांस टीम की मदद से मामले का खुलासा किया। फरार आरोपी जबर सिंह के खिलाफ विभिन्न थानों में हत्या, लूट, डकैती और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब 46 मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।