एक सिरफिरे युवक ने धार्मिक स्थल में तोड़फोड़ कर सनसनी फैला दी। विरोध करने पर युवक पथराव कर भाग गया। सूचना पर एएसपी समेत फोर्स मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया है।
पुलिस की मौजूदगी में धार्मिक स्थल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। कोतवाली फतेहगढ़ के कर्नलगंज सीओ सिटी आफिस के कुछ दूरी पर धार्मिक स्थल है।
सोमवार की शाम मोहल्ला शीशमबाग निवासी युवक एक धार्मिक स्थल में घुस आया। युवक ने पहले गेट को तोड़ दिया। इस दौरान एक मूर्ति को छतिग्रस्त कर वहां लगे शीशों को भी तोड़ डाला। यह देखकर आसपास मौजूद लोगों ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी वहां से पथराव कर भाग निकला।
यह घटना आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते वहां पर काफी संख्या में लोग आ गए। सूचना मिलने पर एएसपी अशोक कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट शिवबहादुर सिंह, सीओ सिटी आलोक सिंह, फतेहगढ़ कोतवाल अनूप निगम के साथ ही काफी संख्या में फोर्स मौके पर आ गया।
पुलिस ने जांच पड़ताल करने के बाद शीशमबाग के रहने वाले युवक को घर से दबोच कर कोतवाली भेज दिया। पुलिस ने उन लोगों को समझाया कि मंदिर को पुलिस की निगरानी में ठीक कराया जाएगा। पुजारी रमेेश की तहरीर पर युवक के खिलाफ रिपोेर्ट दर्ज की गई।