फर्रुखाबाद। लोहिया अस्पताल में मेडिकल कराने के दौरान बेंच पर बैठे-बैठे हथकड़ी काटकर भागने का प्रयास करने वाले शातिर चोर पर मुकदमा दर्ज कराया गया है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नेकपुर कला निवासी भंवर कुमार ने तीन जुलाई 2023 को कादरीगेट थाना क्षेत्र के लकूला निवासी सजन व पिनिया उर्फ कुंदन पर मुकदमा लिखाया था। इसमें आरोपी पर दो जुलाई की रात सोते वक्त घर से मोबाइल रुपये भरी गुल्लक, भाई अर्जुन के घर से मंगलसूत्र, टॉप्स, सागर के घर से छह हजार रुपये व मोबाइल, राजन के घर से मोबाइल व मौसी के घर से कुंडल व पायल चोरी का आरोप था।
जांच अधिकारी दरोगा नरसिंह ने कुंदन उर्फ पिनिया को रविवार को गिरफ्तार कर लिया था। उसका मेडिकल कराने के लिए लोहिया अस्पताल लाया गया। बेंच पर बैठकर पास में ही पर्चा बनवाते वक्त शातिर ने ब्लेड से हथकड़ी काट कर भागने का प्रयास किया, मगर उसे पकड़ लिया गया था।
सोमवार देर रात फतेहगढ़ कोतवाली के हेड कांस्टेबल आदेश कुमार की तहरीर पर कादरीगेट थाने में पिनिया के खिलाफ हथकड़ी काटकर भागने के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने मामला की जांच शुरू कर दी है। (संवाद)