फर्रुखाबाद। खरना के नाम से प्रचलित छठ पर्व के दूसरे दिन शनिवार सुबह महिलाओं ने दिनभर के निर्जल व्रत का संकल्प लिया। गुड़-चावल की खीर, रोटी अथवा पूड़ी बनाकर सूर्यास्त के बाद छठी मइया का घरों में पूजन कर प्रसाद ग्रहण किया। इसी के साथ 36 घंटे का दूसरा निर्जल व्रत शुरू हुआ। डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने अधीनस्थों के साथ गंगा तट पर व्यवस्थाएं परखीं।
श्रद्धा, पवित्रता और संयम का प्रतीक छठ पर्व के दूसरे दिन व्रती महिलाओं ने सुबह जल्दी उठकर साफ सफाई करके स्नान किया। इसके बाद मन और घर की शुद्धि का ध्यान किया गया। शाम के समय मिट्टी के चूल्हे और आम की सूखी लकड़ियों से गुड़ व चावल की खीर (रसियाव) और गेहूं के आटे की घी लगी रोटी अथवा पूरी बनाई गई।
सूर्यास्त होते ही छठी मइया और भगवान सूर्य का भोग लगाया गया। इसके बाद व्रती महिलाओं ने मौन रहकर प्रसाद ग्रहण किया। इसी के साथ 36 घंटे का निर्जल व्रत शुरू कर दिया। व्रती महिलाएं 16 नवंबर की सुबह पांचाल घाट पर उगते सूर्य काे अर्घ्य, पूजन के बाद ही पति के हाथ से जल ग्रहण करेंगी।
डीएम ने पांचाल घाट पर श्रद्धालुओं, व्रतियों की सुविधा, सुरक्षा तथा भीड़ प्रबंधन का जायजा लिया। घाट पर बैरीकेडिंग कराने, पर्याप्त रोशनी के निर्देश दिए। कहा कि स्वच्छ पानी, पर्याप्त संख्या में शौचालय तथा चेंजिंग रूम की व्यवस्था हो। कूड़ा तुरंत निस्तारित हो। घाट पर पर्याप्त गोताखोर होना चाहिए। उनके साथ एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, एडीएम न्यायिक दिनेश कुमार, एएसपी गिरीश कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट पारुल तरार, एसडीएम सदर संजय कुमार, बीडीओ बढ़पुर योगेश पांडेय आदि अधिकारी मौजूद रहे।