फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बस की चपेट में आए बालक की मौत, जाम

Tue, 03 Jul 2012 12:00 PM IST
Farrukhabad
विज्ञापन
विज्ञापन
फर्रुखाबाद। घटियाघाट रोड पराग दुग्ध डेयरी के निकट भाई के साथ ठेली लेकर जा रहा बालक तेज रफ्तार रोडवेज बस की चपेट में आकर करीब 10 मीटर तक घिसटता हुआ चला गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने बरेली-इटावा हाईवे पर जाम लगा दिया। इस दौरान डंडा मारकर फर्रुखाबाद डिपो बस के शीशे भी तोड़ दिए। जाम खुलवाने को लेकर पुलिस से ग्रामीणों की नोकझोंक हुई। सीओ सिटी के काफी समझाने के दो घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम खोला।
विज्ञापन

शहर कोतवाली के गांव धीमरपुरा निवासी नरेश बाथम का 15 वर्षीय बेटा मुकुल पांच बोरी बालू लेकर ठेली से कादरीगेट की ओर जा रहा था। उसके साथ उसका पांच वर्षीय भाई रिंकू भी था। जब यह लोग मौनी आश्रम रोड से निकलकर जैसे ही पराग डेयरी के निकट पहुंचे। उसी समय तेज रफ्तार हरदोई डिपो की बस ने मुकुल के पीछे चल रहे रिंकू को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही रिंकू बस के पहियों के बीच में फंसकर 10 मीटर तक घिसटता हुआ चला गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि मुकुल ने तेजी से ठेली किनारे कर ली, जिससे वह बाल-बाल बच गया। दुर्घटना के बाद चालक वहां से गाड़ी भगा लाया और कादरीगेट चौकी लाकर खड़ी कर दी। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया। इस हादसे की जानकारी जब मृतक के गांव पहुंची तो परिवार के लोग घटनास्थल पर आ गए। इसके साथ ही काफी संख्या में महिलाएं और युवा लाठीडंडे लेकर पहुंच गए। इन लोगों ने पराग डेयरी के पास सड़क पर तख्त और ईंटे डालकर जाम लगा दिया। सूचना पर एसएसआई विग्गन सिंह यादव मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने जाम खोलने से इनकार कर दिया। कुछ युवकों ने गांव वालों से कहा कि यहां के बजाए घटियाघाट चौराहे पर जाम लगा दिया जाए तो अधिकारी जल्द आएंगे। इतना सुनते ही काफी संख्या में लोग लाठीडंडे लेकर चौराहे पर पहुंच गए और जाम लगा दिया। फर्रुखाबाद बस अड्डे आ रही एक रोडवेज बस के शीशे युवकों ने चकनाचूर करते हुए चालक अवधेश के साथ हाथापाई कर दी। घटना को देख बस में सवार यात्री बस से उतर गए। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार सिंह ने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह लोग उनकी बातों को नजरंदाज करते रहे और डीएम के आने के बाद ही जाम खोलने की जिद पर अड़ गए। ग्रामीण मुआवजे और ब्रेकर बनवाने की मांग कर रहे थे। हादसे में हुई बालक की मौत की सूचना पर सपा जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह राठौर भी आ गए। जिलाध्यक्ष ने भी आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन उनकी बात भी नहीं सुनी गई। ग्रामीणों का कहना था कि पराग दुग्ध डेयरी के पास ब्रेकर और बच्चे के परिजनों को मुआवजा दिलवाया जाए। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सीओ के समझाने पर जाम खोला गया। घटनास्थल पर प्रधान मुफीद भी पहुंचे।
एसएसआई को ग्रामीणों ने घेरा
फर्रुखाबाद। रोडवेज बस की टक्कर से पांच वर्षीय रिंकू की मौत के बाद कुछ ग्रामीण पराग दुग्ध डेयरी के पास जाम लगाए थे। इस दौरान एसएसआई विग्गन सिंह यादव ने उसी गांव के रहने वाले रामप्रकाश को पकड़कर कोतवाली भिजवा दिया। यह देख मौजूद महिलाएं और युवक एसएसआई पर बिगड़ गईं। आक्रोशित लोगों ने एसएसआई को घेर लिया। लोगों के आक्रोश को देखते हुए मौजूद पुलिसकर्मी चुपचाप खड़े रहे। एसएसआई ने बाद में जीप भेजकर पकड़े गए युवक को वापस बुलवा लिया। तब कहीं जाकर लोगों का गुस्सा शांत हुआ। उधर, घटियाघाट चौराहे पर पुलिस ने डंडा पकडे़ एक युवक को पकड़कर जीप में बैठालने का प्रयास किया तो महिलाओं ने पुलिस को घेर लिया। इस युवक को भी पुलिस को छोड़ना पड़ा।
विज्ञापन
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें