मोहम्मदाबाद। दिनदहाड़े बाउंड्रीवाल फांदकर राज्यमंत्री नरेंद्र सिंह यादव के संकिसा रोड मोहम्मदाबाद स्थित विद्यालय में घुसे चोरों ने अलमारियों के ताले तोड़ डाले। ग्रामीणों के आ जाने पर चोर पीछे वाली दीवार फांदकर भाग गए। हालांकि इस दौरान वह अपनी साइकिल छोड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। प्रधानाचार्य ने तहरीर दी है।
राज्यमंत्री नरेंद्र सिंह यादव का संकिसा रोड मोहम्मदाबाद में आरएस पब्लिक हाईस्कूल है। शुक्रवार को दोपहर 1 बजे शिक्षक स्कूल बंद कर चले गए। ग्रामीणों के मुताबिक इसी दौरान तीन चोर बाउंड्रीवाल की दीवार फांदकर अंदर घुस गए। चोरों ने खिड़की की पांच सरियां तोड़ डालीं। इसके बाद खिड़की तोड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने स्कूल में रखी गोदरेज की अलमारियों के लाक तोड़ दिए और अलमारी में रखे कागजात चारों तरफ बिखेर दिए। इस बीच चोर प्रधानाध्यापक के कार्यालय में जा पहुंचे और यहां रखी सेफ भी तोड़ डाली। इस दौरान ग्रामीणों को कुछ शक हुआ तो वह स्कूल पहुंचे। ग्रामीणों के आने की आहट पाकर चोर स्कूल की पीछे वाली दीवार फांदकर रोहिला गांव की ओर भाग गए। इस दौरान वह अपनी साइकिल छोड़ गए।
ग्रामीणों ने इसकी जानकारी प्रधानाचार्य आदित्य कुमार को दी। प्रधानाचार्य मौके पर पहुंचे। स्कूल खोलकर अंदर का दृश्य देखा तो कार्यालय और स्कूल के कमरों में चारों तरफ कागजात बिखरे पड़े थे और अलमारियों टूटी थीं। प्रधानाचार्य ने इसकी जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। कोतवाल ऋषिपाल सिंह मौके पर पहुंचे और जांच की। पुलिस ने साइकिल कब्जे में ले ली है। प्रधानाचार्य ने घटना की तहरीर दी। फिलहाल रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। प्रधानाचार्य ने बताया कि स्कूल से क्या सामान चोरी गया है। इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। क्योंकि चारों तरफ कागजात बिखरे पड़े हैं। उन्होंने बताया कि तीन साल पहले भी स्कूल में चोरी का प्रयास किया जा चुका है।