राजपुर। राजीव गांधी ग्रामीण विद्युत योजना के तहत विकास खंड राजेपुर के गांव कोलासोता में सात साल पहले लगाए गए बिजली के खंभे जर्जर होने लगे हैं, जबकि खींची गई आधी से ज्यादा लाइनों को चोर चुरा ले गए हैं। ट्रांसफारमर तो रखे ही नहीं गए हैं। कई बार जिलाधिकारी से शिकायत किए जाने के बावजूद विद्युत विभाग ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द ही अगर उनके गांव में बिजली आपूर्ति चालू न करवाई गई तो जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
विकास खंड राजेपुर के गांव कोलासोता में सात साल पहले राजीव गांधी ग्रामीण विद्युत योजना के तहत बिजली के खंभे तो लगवा दिए गए और लाइन भी खींच दी गई लेकिन आज तक ट्रांसफारमर नहीं रखे गए। इसके चलते गांव में अभी तक विद्युत आपूर्ति चालू नहीं की जा सकी है। गांवों में लगे खंभे जर्जर अवस्था में पहुंचने लगे हैं, जबकि आधे से ज्यादा बिजली तार चोर चुरा ले गए हैं। गांव के रामकुमार सिंह, सुरेश सिंह, अनोखे, धर्मेंद्र ने बताया कि पिछले साल उन्होंने बिजली आपूर्ति चालू कराए जाने के लिए पल्स पोलियो अभियान का विरोध भी कर दिया था लेकिन बिजली आपूर्ति तो शुरू नहीं की गई। उल्टा उनका शांतिभंग में चालान कर दिया गया। दो-तीन साल तक उन्होंने कोर्ट-कचहरी के चक्कर भी काटे। छात्र मनोज, रंजीत, कुलदीप, सोनू, छात्रा मोनी, संध्या ने बताया कि खंभे लगाने और लाइन खींचने में लाखों रुपए खर्च हुए लेकिन इसका लाभ ग्रामीणों को कतई नहीं मिला। वीरभान, लल्ला चौहान, राजेश सिंह, जयपाल सिंह, राजेश सिंह परमार, अंजना, संतोषा आदि ने बताया कि बिजली आपूर्ति के लिए प्रधान के साथ जिला मुख्यालय पर जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिए गए लेकिन आपूर्ति नहीं की गई।