मोहम्मदाबाद। प्राइमरी पाठशाला तकीपुर में लोहे का गेट समेत पिलर गिरने से बालिका दब गई। आनन-फानन में बालिका को निकाला गया। घायल बालिका को निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया।
गांव तकीपुर स्थित प्राइमरी पाठशाला तकीपुर में गुरुवार सुबह करीब 8 बजे बच्चे स्कूल पहुंचे। शिक्षिका स्कूल नहीं आई थीं। बच्चे स्कूल के बाहर लगे लोहे के गेट पर झूल रहे थे। इसी दौरान लोहे का गेट पिलर समेत भरभराकर गिर पड़ा। इसमें कक्षा 4 की छात्रा सोनिका (9) पुत्री अजयपाल कठेरिया दब गई। बच्चों के शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीणों ने सोनिका को बाहर निकाला। सोनिका को परिजनों ने प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया। पिता अजयपाल कठेरिया ने बताया कि सोनिका का एक पैर टूट गया है। इसके अलावा अंदरूनी चोटें आई हैं। घटना के बाद पहुंचीं इंचार्ज प्रधानाध्यापिका कामायनी यादव ने बताया कि लोहे का गेट समेत पिलर गिरने से बच्ची घायल हुई है। उधर, भवन प्रभारी कमलेश कुमार ने बताया कि बच्चे गेट से लटककर झूलते थे। इसके चलते पिलर चटक गया था।