फर्रुखाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को प्रेक्षक मोहम्मद हनीस व जिलाधिकारी पवन कुमार की देखरेख में संवेदनशील मतदान केंद्रों पर लगाए गए माइक्रोआब्जर्वरों को ट्रेनिंग दी गई।
प्रेक्षक ने माइक्रोआब्जर्वरों को निर्देश दिए कि मतदान प्रक्रिया के दौरान कोई भी घटना होने पर तत्काल उनके अलावा जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक को सूचित करें। जिलाधिकारी पवन कुमार ने कहा कि माइक्रोआब्जर्वर मतदान प्रक्रिया पर कड़ी नजर रखें। सुबह 7.30 बजे हर हाल में मतदान शुरू करवा दिया जाए। व्यय प्रेक्षक हरीश कुमार ने कहा कि माइक्रोआब्जर्वर मतदान प्रक्रिया पर विशेष नजर रखें। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अलंकृता सिंह और परियोजना निदेशक आरके विश्वकर्मा आदि ने भी प्रशिक्षण दिया। उधर, सूचना विज्ञान केंद्र फतेहगढ़ में मतदान कार्मिकों की लगाई गई ड्यूटियों का रैंडमाइजेशन कार्य प्रेक्षक की देखरेख में संपन्न हुआ। इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रभुनाथ सिंह और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अंकित अग्रवाल मौजूद रहे। कायमगंज संवाददाता के मुताबिक जनरल प्रेक्षक एपीएम मोहम्मद हनीस और प्रत्याशियों के आय व्यय पर नजर जमाने वाले प्रेक्षक हरीश कुमार ने चीनी मिल गेस्ट हाउस में सर्किल के पुलिस अधिकारियाें के साथ बंद कमरे में गोपनीय बैठक की। बैठक के दौरान चुनावी तैयारी की समीक्षा की गई। बैठक में सीओ एके रावत, तहसीलदार विनोद जोशी, एसएचओ वीके यादव, बीडीओ हरिचरन राही, कंपिल एसओ केबी सिंह, शमसाबाद एसओ, मेरापुर एसओ मौजूद रहे।