नवाबगंज (फर्रुखाबाद)। असलहाधारी बदमाशों ने पेट्रोलपंप कर्मी को गोली मार पांच लाख रुपये लूट लिए। घायल पंपकर्मी को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने मामले की तहरीर दी है। हालांकि पुलिस घटना पर संदेह जता रही है।
थाना नवाबगंज के गांव नगला जब्ब निवासी मोहित कुमार पुत्र राजवीर सिंह मोहम्मदाबाद स्थित कारगिल पेट्रोल पंप पर काम करता है। शुक्रवार की रात वह चचेरे भाई हरिओम के साथ घर लौट रहा था। वह गांव के पास पहुंचा था कि वहां मौजूद बदमाशों ने रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने उसे गोली मारकर घायल कर दिया और पांच लाख रुपये लूट लिए। बदमाशों के भागने के बाद घायल हरिओम ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। परिवार के लोगों के अलावा अन्य लोग भी आ गए। वे लोग घायल को लेकर थाने पहुंचे और मामले की जानकारी देने के बाद उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। घायल की मां मुन्नीदेवी ने बताया कि उसके बेटे के पास पांच लाख रुपये थे, जो हमलावर लूट ले गए। वह रुपये एक जमीन के बैनामा के लिए मंगवाए थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। उधर, एसओ प्रदीप यादव ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। लूट की बात झूठी है। दोनों पक्षों के बीच विवाद होने पर झगड़ा हो गया था। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।
मजदूर को पीट कर लूटा
फर्रुखाबाद। साइकिल से मजदूरी कर लौट रहे मजदूर को बदमाशों ने मारपीट कर घायल कर दिया। थाना मऊदरवाजा के गांव नगला खैरबंद निवासी रघुनाथ सिंह मजदूरी करता है। शुक्रवार की रात वह मजदूरी कर घर लौट रहा था। वह महावीर इंटर कालेज के पास से गुजर रहा था तभी वहां पर पहले से खड़े दो बदमाशाें ने उसे रोक लिया और उसकी तलाशी लेने लगे। उसने विरोध किया तो बदमाशों ने उसके साथ मारपीट कर दी और उससे 800 रुपये व साइकिल लूट कर फरार हो गए। पीड़ित ने मामले की जानकारी थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की।