फर्रुखाबाद। मकान के विवाद में व्यापारी भाई आपस में भिड़ गए। दोनों में मारपीट होने पर एक घायल हो गया। घायल ने भाई और भतीजे के खिलाफ शहर कोतवाली में एनसीआर दर्ज कराई है। उधर, अन्य मारपीट की घटनाओं में महिला सहित दो लोग घायल हो गए.
शहर कोतवाली क्षेत्र के स्टेट बैंक रोड निवासी आशुतोष अरोड़ा ने अपने भाई रजनेश अरोड़ा व भतीजे रजत अरोड़ा के खिलाफ एनसीआर दर्ज कराई है। इसमें कहा गया कि भाई से मकान बंटवारे को लेकर विवाद है। मकान की दो चाबियां हैं। उसकी साड़ी और भाई सर्राफा की दुकान है। सोमवार की देर रात वह घर पर गया और चाबी से दरवाजा खोला। इससे भाई रजनेश नाराज हो गए। उन्होंने भतीजे के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी। इसमें वह घायल हो गया।
मोहम्मदाबाद प्रतिनिधि के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गांव रठौरा नगला नीम निवासी रतन सिंह यादव ने गांव के ही ताहर सिंह, शिव कुमार और जिला कन्नौज थाना तालग्राम क्षेत्र के गांव राजापुरवा निवासी प्रकाश सिंह और बलराम यादव के खिलाफ एनसीआर दर्ज कराई है। दर्ज कराई गई एनसीआर में कहा गया कि हमलावर उसके घर के बाहर आए और गालीगलौज करने लगे। रतन सिह ने जब इसका विरोध किया तो हमलावरों ने लाठी डंडों से पीटकर घायल कर दिया।
उधर, इसी कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला मलू निवासी ब्रजेश कुमार ने गांव के ही संजीव कुमार, राजीव यादव, दुर्गेश यादव और माया देवी पत्नी हरिश्चंद्र के खिलाफ एनसीआर दर्ज कराई है। एनसीआर में कहा गया कि ब्रजेश की पत्नी सावित्री देवी घर पर बैठी थीं। आरोपी आए और जमीनी विवाद के चलते पत्नी को गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर लाठीडंडों से पीटकर घायल कर दिया।