कंपिल। राशनकार्ड फार्म भरवाना है तो 10 रुपये देने होंगे। साथ ही राशनकार्ड फार्म के पैसे अलग से। यह खेल कस्बे में जोरों से चल रहा है। राशनकार्ड फार्म कोटेदार पांच से 10 रुपये में बेच रहे हैं। ग्रामीणों ने डीएम को शिकायती पत्र भेजकर कोटेदारों की मनमानी पर रोक लगाने की मांग की है।
कस्बे समेत गांव पुरौरी, सिकंदरपुर, कुंवरपुर खास, इकलहरा और गूजरपुर आदि इलाकों में कोटेदार पांच से 10 रुपये का फार्म बेच रहे हैं। पुरौरी के मोतीलाल, उपेंद्र, वेदराम, राजेंद्र, संजू, मनोज कुमार, सतेंद्र कुमार, संतकुमार, रूपलाल, हबीब और जलालुद्दीन का आरोप है कि कोटेदार राशनकार्ड के नाम पर पांच से 10 रुपये ले रहे हैं। इतना ही नहीं जो लोग फार्म नहीं भर पाते, उनसे कोटेदार भरवाई के भी 10 रुपये लेते हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से कोटेदार की शिकायत की है। इस संबंध में कायमगंज पूर्ति निरीक्षक मुन्ना सिंह गौर ने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। वे मामले की जांच करवाएंगे। अगर कोटेदार पैसे लेकर फार्म दे रहे हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से कहा कि राशनकार्ड फार्म के लिए कोटेदारों को पैसे न दें और इसकी शिकायत जिलापूर्ति कार्यालय या फिर उनसे आकर करें।
कोटेदार पैसे लेकर दे रहे फार्म
फर्रुखाबाद। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) गुट ने बुधवार को जिलाधिकारी को चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि नए राशनकार्ड फार्म को लेकर कोटेदार 20 से 50 रुपये की वसूली कर रहे हैं। जांच कराकर इसे रोका जाए। सरकारी धान खरीद केंद्रों पर निर्धारित मूल्यों पर किसानों का धान नहीं खरीदा जा रहा है। शहर और ग्रामीण इलाकों में डीडीटी का छिड़काव भी नहीं किया जा रहा है, जिससे डेंगू जैसे रोग फैल रहे हैं। उन्होंने छिड़काव करवाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष अरविंद शाक्य, जिला प्रमुख महासचिव दीपू राठौर, अनुपम कठेरिया, मुकेश शर्मा, देवेंद्र सिंह राजपूत और तारा देवी भी मौजूद रहीं।