फर्रुखाबाद। देशी आतिशबाजी बनाने की सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस ने एक मकान में छापा मारा। यहां से पुलिस ने बारूद से भरे बोरे बरामद किए हैं। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली पुलिस ने मोहल्ला चीनीग्राम निवासी बाबू खां के मकान में शुक्रवार को छापा मारा। पुलिस के छापे से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मकान से बाबू खां और उनके कारीगर इरशाद को हिरासत में लिया। मकान की तलाशी में पुलिस को 4 बोरा बनी हुई रोशनी के अलावा 2 बोरा बारूद बरामद हुआ। पुलिस सभी बोरों को कोतवाली ले आई। पुलिस का कहना था कि घर में आतिशबाजी बनाने की जानकारी मिली थी। इस पर छापा मारा गया। माल बरामद हुआ है। जांच की जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। वहीं बाबू खां ने बताया कि उनके नाम देशी आतिशबाजी का लाइसेंस है। उनका कारखाना मऊदरवाजा के गांव अर्रापहाड़पुर स्थित बाग में है। वहीं पर वह लोग रोशनी और अनार बनाने का काम करते हैं। बरसात के कारण बना हुआ माल और बारूद घर पर ले आए थे। वह कई वर्ष से आतिशबाजी बनाने का काम कर रहे हैं। उनकी दुकान किराना बाजार में है। वह आर्डर पर काम करते हैं।
मालूम हो कि बीते दिन मोहम्मदाबाद में रामलीला कमेटी के मंत्री राजीव गुप्ता के मकान में रावण के पुतले पर लगाने के लिए लाई गई आतिशबाजी में विस्फोट हो गया था। जिसमें एटा जिले के अलीगंज के आतिशबाजी ठेकेदार राधेश्याम, कारीगर कश्मीर व उसके भांजे सुरजीत घायल हो गए थे। धमाके में राजीव गुप्ता के मकान समेत पड़ोसियों की दीवारें ढह गईं थीं।