नवाबगंज। विकास कार्य न होने से खफा मठिया के लोगों ने गुरुवार को पोलियो टीम को बंधक बना लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणोें को समझा-बुझाकर टीम को मुक्त कराया।
पल्स पोलियो अभियान के तहत गुरुवार की सुबह पंचायत मित्र ब्रजलाल, आशा मुन्नी देवी, समर सुल्तान और संगीता गांव मठिया पहुंचीं। टीम के सदस्य घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने की अपील करने लगे। इसी दौरान तमाम ग्रामीण इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने कहा कि उनके गांव में विकास कार्य नहीं कराए गए है, इसलिए वे बच्चों को पोलियो की खुराक नहीं पिलाएंगे। टीम ने जब ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की तो खफा लोगों ने उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि गांव की गलियां कीचड़ से भरी हैं, जिससे पैदल निकलना तक दूभर है। पेंशन और राशन संबंधी कई समस्याएं हैं, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि जब तक कोई अधिकारी गांव का निरीक्षण करने नहीं आता, तब तक वे लोग बच्चों को पोलियो खुराक नहीं पिलवाएंगे। ग्रामीणों ने टीम से वैक्सीन बाक्स भी छीन लिया। पोलियो टीम को बंधक बनाने की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर पोलियो टीम को मुक्त कराया। इसके बाद टीम बिना ड्राप पिलाए ही लौट आई।