फर्रुखाबाद। पूर्व सैनिक से ऑनलाइन 99 हजार रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ साइबर क्राइम का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के भोलेपुुर-बेवर रोड निवासी पूर्व सैनिक रविंदर सिंह राठौर का कैंट क्षेत्र की एसबीआई बैंक शाखा में खाता है। 13 मार्च को पूर्व सैनिक के मोबाइल नंबर पर एक अंजान नंबर से फोन आया।
उधर से बोल रहे व्यक्ति ने पूर्व सैनिक को उसका रिश्तेदार बताया। उस व्यक्ति ने रुपये की आवश्यकता होने की बात कहकर पूर्व सैनिक से ऑनलाइन रुपये डालने के लिए कहा। उसने पूर्व सैनिक को एक लिंक भेजा और उस पर क्लिक करने के लिए कहा। लिंक मिलने पर पूर्व सैनिक ने उस पर क्लिक किया।
कुछ देर बाद पूर्व सैनिक के खाते से दो बार में 99 हजार रुपये निकल गए। मैसेज आने पर पूर्व सैनिक को ठगी की जानकारी हुई। पुलिस ने पूर्व सैनिक रविंदर सिंह राठौर की तहरीर पर साइबर क्राइम का मुकदमा दर्ज कर लिया। मुकदमे की जांच इंस्पेक्टर अपराध कमलेश कुमार को दी गई। (संवाद)