फर्रुखाबाद। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भोलेपुर का गुरुवार को सीएमओ ने निरीक्षण किया। इस दौरान डॉक्टर सहित तीन स्वास्थ्य कर्मी अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने सभी का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है।
मौसम बदलने के साथ ही जुकाम, बुखार के मरीज बढ़ रहे हैं। इससे डॉक्टरों की ड्यूटी को लेकर शासन से सख्त निर्देश हैं। अस्पतालों का हाल जानने निकले सीएमओ डॉ.अवनींद्र कुमार भोलेपुर सीएचसी का निरीक्षण करने पहुंचे। उपस्थिति रजिस्टर देखा तो डॉ.श्वेता सिंह, स्टाफ नर्स प्रतिभा सिंह व एलटी विनय कुमार मौके पर नहीं मिले। उनके रजिस्टर पर हस्ताक्षर भी नहीं थे। सीएमओ ने तीनों की अनुपस्थिति लगा दी।
सीएमओ ने बताया कि डॉक्टर सहित तीनों कर्मचारियों का वेतन रोकने के आदेश दिए हैं। अनुपस्थित चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)