901 कोरोना योद्धाओं ने लगवाया टीका
फर्रुखाबाद। जनपद में शुक्रवार को लोहिया महिला अस्पताल सहित आठ सरकारी अस्पतालों में कोरोना टीकाकरण किया गया। 1121 के लक्ष्य के सापेक्ष 901 स्वास्थ्य कर्मियों ने टीका लगवाकर खुद को सुरक्षित किया। सीएचसी राजेपुर में सर्वाधिक 193 लोगों को टीका लगाया गया।
चौथे चरण में शुक्रवार को 1121 लोगों का कोरोना का टीकाकरण होना था। लोहिया महिला अस्पताल में 54, सिविल अस्पताल लिंजीगंज में 108, सीएचसी बरौन में 89, कायमगंज में 111, शमसाबाद में 91, नवाबगंज में 109, राजेपुर में 193 व सीएचसी मोहम्मदाबाद में 146 लोगों ने कोरोना का टीका लगवाया। टीका लगवाने के बाद सभी को आधा घंटे तक डॉक्टरों की देखरेख में रखा गया।
टीका लगवाने वालों ने कहा कि वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है। कोई परेशानी महसूस नहीं हुई। उन्होंने लोगों को मौका मिलते ही टीका अवश्य लगवाने के लिए प्रेरित किया। सीएमओ डॉ.वंदना सिंह ने बताया कि चौथे चरण में 84 प्रतिशत टीकाकरण हुआ। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रभात वर्मा का कहना है अब 4 व 5 फ़रवरी को टीकाकरण होगा। अभी तक तक चार सत्रों में 2707 लोगों को टीका लगाया जा चुका है।
सीएचसी अधीक्षक समेत 111 ने लगवाया टीका
कायमगंज। शुक्रवार को दूसरे दिन सीएचसी के चिकित्साधीक्षक डॉ. अनुराग वर्मा समेत 111 कोरोना योद्धाओं का टीकाकरण किया गया। गुरुवार को 250 में से 152 स्वास्थ्य कर्मी व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को टीका लगाया गया था।
गांव घसिया चिलौली की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कुमकुम गंगवार पैर से दिव्यांग हैं। उन्होंने कोरोना काल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। दूसरे दिन वे सीएचसी पर टीकाकरण के लिए सीढ़ियां चढ़कर जा रही थीं। बीसीपीएम विनय मिश्रा की उन पर नजर पड़ी तो व्हील चेयर मंगाई। वहां मौजूद डब्लूएचओ के फरहत जैदी व स्वास्थ्य कर्मी रामनरेश ने टीकाकरण कराया।