ग्राम पंचायतों से रोज 8920 मनरेगा श्रमिकों को मिलेगा काम
फर्रुखाबाद। ग्राम पंचायतों में होने वाले विकास कार्यों में पारदर्शिता के लिए ई-ग्राम स्वराज पोर्टल शुरू किया गया है। इस पर 14वें व राज्य वित्त आयोग से होने वाले कार्यों की प्रतिदिन फीडिंग होगी। इसके साथ ही स्वच्छ भारत मिशन के तहत भी श्रमिकों को रोजगार दिया जाएगा।
पंचायती राज निदेशक ने 30 जून तक के भेजे लक्ष्य में जिले की ग्राम पंचायतों में रोज 8920 श्रमिकों को रोजगार देने के निर्देश दिए हैं। निदेशक किंजल सिंह ने आदेश दिया कि ग्राम पंचायतों में 15 से 30 जून तक होने वाले विकास कार्यों में एक लाख 42 हजार 728 मानव दिवस का लक्ष्य निर्धारित कर दिया है। इसमें राज्य वित्त से 4182, 14वें वित्त के कार्यों में 68218 व स्वच्छ भारत मिशन में 70328 श्रमिकों का लक्ष्य शामिल है।
इससे 8920 श्रमिकों को ग्राम पंचायतों से प्रतिदिन रोजगार मिलने की उम्मीद है। यह भी कहा कि जिन योजनाओं में मनरेगा से मानव दिवस सृजित हों, रिपोर्ट में उसका भी अंकन किया जाएगा। प्रत्येक माह की 15 व अंतिम तारीख की रिपोर्ट में मानव दिवस की पूर्ति व भुगतान की गई मजदूरी का भी विवरण शामिल किया जाएगा। उन्होंने मानव दिवस सृजन की दैनिक एंट्री करने में लापरवाही पर कार्रवाई की भी चेतावनी दी है।