फर्रुखाबाद। माघी पूर्णिमा पर पांचाल घाट कुंभ सा नजर आया। आसपास जिलों से पहुंचे भक्तों ने हर-हर गंगे के उद्घोष के साथ गंगा में डुबकी लगाई। भक्तों ने पहनावन पहनाई तो कई जगह कथा के भी आयोजन होते रहे।
माघी पूर्णिमा के स्नान को लेकर सोमवार रात से ही पीलीभीत, कासगंज, एटा, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी और हरदोई आदि जिलों के श्रद्धालुओं का पांचाल घाट पहुंचना शुरू हो गया। तड़के से ही लोगों ने स्नान करना शुरू कर दिया और गंगा का पूजन अर्चन कर दान-दक्षिणा दी। सुबह करीब आठ बजे भीड़ का आलम यह था कि गंगाघाटों पर पैर रखने तक की जगह नहीं बची थी। धक्कामुक्की करते हुए लोग गंगातटों पर पहुंचे। लोगों ने हर-हर गंगे के उद्घोष के साथ गंगा नदी में डुबकी लगाई। गहरे स्थानों पर जिला प्रशासन ने बल्लियां भी लगवाई थीं। मन्नत पूरी होने पर लोग गंगा नदी में पहनावन पहनाते नजर आए। इसके साथ ही मुंडन संस्कार और सत्यनरायन की कथा के भी आयोजन हुए। गंगा तटों पर कन्या भोज भी किए गए। साधु-संतों ने स्नान करने के बाद सूर्य देवता को अर्घ्य देकर पूजन-अर्चन किया।
कल्पवासियों का जाना शुरू
एक माह से मेला श्रीरामनगरिया में कल्पवास कर रहे लोग मंगलवार को माघी पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने के बाद झोपड़ी आदि समेटकर जाने लगे। जाते-जाते कल्पवासियों ने एक-दूसरे से विदा ली और अगले साल फिर आने का वादा किया। कल्पवास कर रहे हरदोई के राकेश कुमार का कहना था कि एक माह कब बीत गया पता ही नहीं चला। अर्जुनपुर के झुनकूराम ने कहा कि एक माह तक गंगा मैया का स्नान कर भजन-कीर्तन में लीन रहने से मन को काफी सुकून मिला। उन्होंने कहा कि आसपास के लोगों से इस तरह घुल-मिल गए थे कि सब अपने ही लगे। लगभग 20 प्रतिशत कल्पवासी मेला रामनगरिया से पलायन कर गए हैं। ब्यूरो
मनोरंजन क्षेत्र में उमड़ी भीड़
मनोरंजन क्षेत्र में माघी पूर्णिमा पर लोगों की जमकर भीड़ उमड़ी। भीड़भाड़ के चलते झूले भी ओवरलोड रहे। इसके साथ ही वाहन लेकर आए वाहन चालकों से स्टैंड ठेकेदार ने जमकर वसूली की। मौत का कुआं और नाव वाले झूलों में भी खूब भीड़ रही। ब्यूरो
रुद्राभिषेक के बाद हुआ भंडारा
अन्न क्षेत्र में बालू से शिवलिंग बनाकर आचार्य प्रदीप नारायण शुक्ल के नेतृत्व में रुद्राभिषेक किया गया। इसके बाद भंडारा हुआ। भंडारे में लोगों की भीड़ उमड़ी। इस अवसर पर ओमप्रकाश मिश्र, संजीव कुमार और कैलाश चंद्र शुक्ल आदि रहे। ब्यूरो
यज्ञ के साथ चरित्र निर्माण शिविर का समापन
वैदिक क्षेत्र में जिला आर्य प्रतिनिधि सभा की ओर से चल रहे यज्ञ का मंगलवार को समापन हो गया। इस दौरान आयोजित यज्ञ में लोगों ने आहुतियां डालीं। संदीप आर्य, उदिया आर्या, शिवनारायण, यज्ञदत्त शर्मा, हरिओम शास्त्री, प्रदीप आर्य, जयदेव आर्य, अमित आर्य, उदयराज आर्य, संध्या आर्या, श्वेता आर्या, सरस्वती आर्या और सरोज आर्या आदि रहे। ब्यूरो