कायमगंज। बाइक एजेंसी मालिक के बैंक खाते से साइबर जालसाजों ने बिना ओटीपी पूछे ही 81 हजार रुपये पार कर दिए। एजेंसी मालिक ने कोतवाली में तहरीर दी है।
नगर के मोहल्ला बजरिया राधाकृष्ण निवासी राजेश कुमार वर्मा बाइक एजेंसी चलाते हैं। उनका आईसीआईसीआई बैंक में खाता है। बुधवार को किसी साइबर जालसाज ने बिना ओटीपी पूछे उनके बैंक खाते से पहले 20 हजार फिर 800 रुपये पार कर दिए। इसके कुछ देर बाद 43000 रुपये निकल गए। जब उन्होंने मोबाइल में मैसेज देखा तो चौक गए। एजेंसी मालिक कोतवाली पहुंचे और सूचना दी।
इसी दौरान किसी ने उनके खाते में पेटीएम से रुपये डाले।कोतवाली में पुलिस से बातचीत के दौरान 18 हजार रुपये पार हो गए। इसके बाद उन्होंने खाता व पेटीएम को लॉक कराया। जानकारी करने पर पता लगा कि साइबर जालसाज ने अपना फर्जी खाता खोल रखा है। आम लोग हैरत में हैं। जब बिना ओटीपी पूछे रुपये निकल रहे हैं, तो बैंक खाते में जमा धन सुरक्षित कैसे रहेगा। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।