दो प्रधान व 163 सदस्य पदों के लिए 61.6 प्रतिशत मतदान
फर्रुखाबाद। जनपद में दो प्रधान व 163 ग्राम पंचायत सदस्यों के निर्वाचन के लिए शनिवार को छह ब्लॉकों में मतदान हुआ। शाम तक कुल 61.59 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद मतपेटिकाएं ब्लॉक कार्यालय के स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखवाई गईं। सोमवार को मतगणना के साथ प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला सुनाया जाएगा। ब्लॉक बढ़पुर में सभी 187 ग्राम पंचायत सदस्य निर्विरोध घोषित होने से मतदान नहीं हुआ।
मोहम्मदाबाद प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र की ग्राम पंचायत रैसैपुर में प्रधान पद के उपचुनाव में छह प्रत्याशी मैदान में थे। यहां 1492 मतदाताओं में से 1178 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इससे 78.95 प्रतिशत मतदान रिकार्ड किया गया। नौ अन्य ग्राम पंचायतों में रिक्त 39 सदस्य पदों के निर्वाचन के लिए 9 बूथों पर 57.25 प्रतिशत मतदान हुआ।
राजेपुर प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के 8 ग्राम पंचायतों में रिक्त 13 सदस्य पदों के लिए कुल 68.52 प्रतिशत मतदान हुआ। अपर पुलिस अधीक्षक ने महमदपुर गढ़िया मतदान केंद्र का निरीक्षण किया।
शाम को मतदान पूर्ण होने के बादमतपेटिकाओं को ब्लॉक कैंपस के स्ट्रांग रूम में रखवाया गया। निर्वाचन अधिकारी सुरेश चंद्र व बीडीओ गगनदीप सिंह ने बताया 14 जून को ब्लॉक मुख्यालय पर मतगणना की जाएगी।
शमसाबाद प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र की नौ ग्राम पंचायतों में सदस्य के रिक्त 21 पदों के लिए मतदान कराया गया। यहां 61.29 प्रतिशत लोगों ने वोट डाले जबकि कायमगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत सिकंदरपुर अगू में ग्राम पंचायत सदस्य के चार पदों के लिए 54 फीसदी मतदान हुआ।